Weather Update: कड़ाके की ठंड से मौसम विभाग ने किया अलर्ट

0

अभी कुछ दिन पहले हुई बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। इन दिनों दिन-रात कोहरे से भी तापमान नीचे गिर गया है। वहीं, इस बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी है की आगे कुछ दिन ऐसे ही हालात रह सकते हैं। India Meteorological Department ने आगे कुछ दिनों की जानकारी साझा की है, जिसमें कई राज्यों के लिए ज्यादा ठंड पड़नी की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा बताया गया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली समेत उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश में अगले कुछ दिन ठंड बढ़ जाएगी।

वहीं, उत्तराखंड, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, दक्षिण असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय कोहरा रहने का भी अंदेशा लगाया गया है। तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई। राजस्थान में तेज ठंडी हवाएं चलने का भी लगाया गया अनुमान।

उत्तरप्रदेश में पारा 4.4 डिग्री गिरा

कोहरे के साथ ठंड ने गोरखपुर सहित समूचे पूर्वांचल को अपनी गिरफ्त में ले लिया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में महज चार डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया। ऐसे में गलन भरी ठंड का सिलसिला सुबह से लेकर रात तक जारी रहा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार फिलहाल यह सिलसिला थमने वाला नहीं है। तापमान का स्तर अभी और नीचे जाएगा, घना कोहरा भी बरकरार रहेगा

बिहार को लेकर मौसम विभाग ने क्या कहा?

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की ओर से जारी मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक उत्तर बिहार में कुहासे में बढ़ोतरी होगी। ऐसे में ड्राइविंग करते हुए अतिरिक्त सावधान रहना होगा। गति सीमा का ख्याल रखना होगा। विशेषकर, सुबह के समय।

वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने बताया कि 24 से 25 दिसंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि दक्षिणी बिहार में बारिश की संभावना कुछ अधिक है। ऐसे में ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। वैसे 25 दिसंबर के बाद दिन के तापमान व न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

झारखंड में जानलेवा हुई ठंड

झारखंड में ठंड जानलेवा हो गई है। शनिवार को अलग-अलग जिलों में ठंड से चार लोगों की मौत हो गई। साहिबगंज, लातेहार, रामगढ़ और बोकारो में एक-एक जान गई है। अभी मौसम यूं ही बना रहेगा और चार दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं। मौसम पूर्वानुमान के तहत मंगलवार व बुधवार को बादल छाए रहेंगे। बुधवार को हल्की बारिश भी होगी।

पंजाब में ठंड ने तोड़ा 40 साल का रिकॉर्ड

लुधियाना शहर की बात करे तो शहर में ठंड प्रचंड रूप दिखा रही है। इस बार रात की बजाय दिन में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लगातार पड़ रही ठंड ने 40 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्ष 1978 में 22 दिसंबर को दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले चार दिन से महानगर में सूर्य देवता के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं। बादलों व शीतलहर से हर कोई कड़ाके की ठंड से कंपकंपाता नजर आ रहा है। रविवार को भी पूरा दिन धूप नहीं रही और गलन व शीतलहर से लोगों की कंपकंपी छूट गई।

दिल्ली-NCR में शीतलहर जारी

दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर जारी है। ठिठुरन बढ़ गई है और बढ़ी सर्दी के चलते लोग सोमवार सुबह लोग कांपते दिखे, वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम पारा 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह ठंड और बढ़ने की संभावना है। खासतौर पर बृहस्पतिवार को तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इस वजह से ठिठुरन और बढ़ सकती है।

 

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x