उत्तरप्रदेश: मुख्तार अंसारी के गुर्गों ने तोड़ा गाड़ी का शीशा? माफिया विरोधी मंच के अध्यक्ष का आरोप!


उत्तरप्रदेश: वाराणसी के संकेत नगर निवासी माफिया विरोधी मंच के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने वाराणसी लंका थाने में तहरीर देकर शिकायत की है, कि उनके घर पर खड़े वाहन पर शुक्रवार की रात पत्थर मारकर शीशा तोड़ा गया है। उन्हें आशंका है, कि बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के गुर्गों ने उनकी कार का शीशा तोड़ा है।
क्या है पूरा मामला
यूपी के वाराणसी में एक बार फिर से बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी का नाम उछला है। इस बार मुख्तार अंसारी के के गुर्गों पर कई आरोप लगे हैं। दरअसल साकेतनगर कॉलोनी में पार्क के सामने रहने वाले माफिया विरोधी मंच के अध्यक्ष सुधीर सिंह के वाहन पर शुक्रवार रात में किसी ने पत्थर फेंके। पत्थर फेंके जाने से उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया है। उन्होंने गाड़ी पर पत्थर फेंकने वाले शख्स को माफिया मुख्तार अंसारी का गुर्गा बताया है। उन्होंने लंका थाने के संकट मोचन पुलिस चौकी पर शिकायत की।
सुधीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह चार नवंबर 2020 को मुख्तार अंसारी की विधानसभा की सदस्यता खत्म करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर आए थे। उस समय भी उनके वाहन का शीशा तोड़ा गया था। तब से लेकर शुक्रवार की रात तक चौथी बार उनके वाहन का शीशा तोड़ा गया है।
सुधीर सिंह की FIR पर बृजेश सिंह और त्रिभुवन सिंह को किया गया था गिरफ्तार
सुधीर सिंह ने दावा किया कि उन्हीं की एफआईआर पर ही बृजेश सिंह और त्रिभुवन सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इन सब वजहों से वह लगातार निशाने पर रहते हैं। उधर, इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि शिकायतकर्ता और उनके आसपास के घरों में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।