महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने उद्घाटन कर सुविधाओं के बारे में ली जानकारी

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क गोरखपुर 

आदर्श कुमार श्रीवास्तव

*गोरखपुर।* महानगर के पुर्दिलपुर में सिटी पॉलीक्लिनिक शुरू हो गया है। इस क्लिनिक पर प्रतिदिन दो विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सिटी पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली। इस दौरान सीएमओ डॉ राजेश झा ने उन्हें बताया कि प्रदेश का पहला सिटी पॉलीक्लिनिक गोरखपुर शहर के ही बसंतपुर में दिसम्बर माह से ही संचालित हो रहा है। वहां के क्लिनिक में 1670 लाभार्थी विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ ले चुके हैं।

पुर्दिलपुर सिटी पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन करने के बाद महापौर डॉ मंगलेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस सुविधा के शुरू हो जाने से न केवल लोगों को अच्छी चिकित्सा सेवा स्थानीय स्तर पर मिलेगी, बल्कि जांच की सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। प्रदेश के योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में लोगों की सेहत प्राथमिकता है। इसके लिए नित नई सेवाओं को लेकर काम हो रहा है। इसी कड़ी में सिटी पॉलीक्लिनिक जैसी सुविधाएं आम जनमानस को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर सीएमओ डॉ राजेश झा ने बताया कि पुर्दिलपुर सिटी पॉलीक्लिनिक में फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, श्वसन रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। प्रतिदिन दो विशेषज्ञ सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक क्लिनिक पर उपलब्ध रहेंगे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की यह सुविधा सोमवार से शनिवार तक दी जाएगी। वहां पर 195 प्रकार की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। सत्ताइस प्रकार की जांचें सिटी पॉलीक्लिनिक स्तर पर ही हो जाएंगी, जबकि 46 प्रकार की जांचों के लिए सैम्पल ट्रांसपोर्ट किए जाएंगे। इस सुविधा के शुरू हो जाने से लोगों को सीधे उच्च स्तरीय अस्पतालों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी, एसीएमओ नगरीय स्वास्थ्य डॉ विनय पांडेय, एनएचएम के मंडलीय प्रबंधक अरविंद पांडेय, डीपीएम पंकज आनंद, एनयूएचएम की डिवीजनल कंसल्टेंट डॉ प्रीति सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ अनुला गुप्ता और एनयूएचएम के जिला कंसल्टेंट सुरेश सिंह चौहान सहित सहयोगी संस्थाओं यूपीटीएसयू, जपाइगो और पीओ-सिटी के प्रतिनिधिगण भी मौजूद रहे।

4109 सैम्पल ट्रांसपोर्ट हुए

सीएमओ ने बताया कि बसंतपुर में सिटी पॉलीक्लनिक शुरू होने से सैम्पल ट्रांसपोर्ट की संख्या भी बढ़ी है। वहां सितम्बर से फरवरी के बीच 4109 लाभार्थियों को स्थानीय स्तर पर पैथालॉजिकल जांच की सुविधा मिली है। स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, ईएनटी, आर्थो और स्किन के विशेषज्ञ चिकित्सक वहां प्रतिदिन सेवाएं दे रहे हैं।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x