रंगदारी व साजिश के आरोप में खुशबू किन्नर गिरफ्तार, मोहरगंज में सुरक्षा कड़ी
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
चंदौली। जिले के मोहरगंज क्षेत्र की निवासी खुशबू किन्नर को पुलिस ने रंगदारी मांगने, साजिश रचने और सड़क जाम करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व मोहरगंज स्थित किन्नरों के एक आवास में विस्फोट की घटना हुई थी। इस मामले में खुशबू किन्नर ने अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू और विकास सिंह समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के विरोध में किन्नर समुदाय ने चहनिया में घंटों चक्काजाम भी किया था। उस समय पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि विकास सिंह ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी पक्ष के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कुछ साक्ष्य प्रस्तुत किए। आरोप लगाया गया कि खुशबू किन्नर ने पुलिस की मिलीभगत से खुद पर हमले और विस्फोट की साजिश रची थी। साथ ही अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू से विवाह का दावा करने वाली खुशबू पर मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया।
शासन के निर्देश पर तत्कालीन थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को हटाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच जौनपुर पुलिस को सौंपी गई। जांच के बाद चंदौली पुलिस ने दबिश देकर खुशबू किन्नर को हिरासत में ले लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि खुशबू किन्नर को धमकी देकर रंगदारी मांगने और नियमों के विरुद्ध सड़क जाम करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
गिरफ्तारी के बाद किन्नर समुदाय में संभावित आक्रोश और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। मोहरगंज क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
