व्रती महिलाओं ने सुभाष नगर स्थित पोखरे पर भेदी बनाकर की पूजा अर्चना
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पीडीडीयू नगर
सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ के दूसरे दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सुभाष नगर में व्रती महिलाओं द्वारा गायत्री पोखरे पर पहुँचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नहाय–खाय और लोहंडा तथा खरना की पूजा-अर्चना की गई। व्रती महिलाओं ने पहले पोखरे के तट पर भेदी बनाकर विधिवत पूजा पाठ किया।
शाम के समय व्रती महिलाओं ने प्रसाद स्वरूप गुड़-चावल की खीर, रोटी और केले का भोग लगाया तथा परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इसी दौरान घाट पर पूजा के साथ-साथ घरों और आस-पड़ोस की महिलाएं छठी मइया के लोकगीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए हुए थीं।
पूरे आयोजन में सुभाष नगर के निवासी सक्रिय रहे। प्रबंधन में समाजसेवी सरवन यादव सहित स्थानीय युवक-युवतियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस क्षेत्र की विशेषता सामूहिक सहभागिता है, जहाँ हर वर्ग और समुदाय के लोग एक साथ मिलकर पर्व को सफल बनाते हैं।
नेतृत्व की जिम्मेदारी इस बार स्वयं व्रत कर रहीं सुभाष नगर की सभासद आरती यादव ने संभाली। उनके निर्देशन में घाट की सुरक्षा, स्वच्छता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार देखा जा रहा है।
छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और भक्ति यहाँ स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित हो रहा है।
