छठ पर्व को देखते हुए पोखरे की सफाई शुरू

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर तैयारियाँ तेज़ होने लगी हैं। पर्व में अभी दो सप्ताह का समय शेष है, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह अभी से देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में सुभाष नगर स्थित गायत्री पोखरा की सफाई का कार्य रविवार को वार्ड सभासद आरती यादव के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ।
सफाई अभियान में सुभाष नगर की 15 से अधिक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाएँ झाड़ू, बाल्टी और टोकरी लेकर पोखरे की साफ-सफाई में जुटीं। आरती यादव ने बताया कि छठ पूजा श्रद्धा, पवित्रता और सामूहिकता का प्रतीक है। ऐसे में पूरे क्षेत्र की महिलाएँ मिलकर अपने हाथों से पूजा स्थल को स्वच्छ और सुंदर बना रही हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा-अर्चना कर सकें।
गौरतलब है कि सुभाष नगर में पहली बार गायत्री पोखरे पर छठ पूजा का आयोजन सभासद आरती यादव और स्थानीय महिलाओं के अथक प्रयास से किया गया था। उस समय लगभग 700 से अधिक महिलाओं ने अस्ताचल और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल बन गया था।
इस वर्ष भी लोगों में वही उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय निवासी पहले से ही सफाई, सजावट और घाट निर्माण की तैयारियाँ शुरू कर चुके हैं। सबका लक्ष्य है कि इस बार का छठ पर्व पहले से भी अधिक भव्य और व्यवस्थित रूप से मनाया जाए।