8 फीट गड्ढे ने बढ़ाई वार्ड नंबर 9 की मुसीबत
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। अलीनगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 में नाली निर्माण कार्य के दौरान खोदा गया लगभग 8 फीट गहरा गड्ढा स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई दिनों से गड्ढा खुला पड़ा है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है और दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
स्थानीय निवासी सुनीता देवी ने बताया कि गड्ढा खोदकर अधूरा छोड़ दिए जाने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। बच्चों को स्कूल ले जाने और लाने में दिक्कत होती है, जबकि बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि कई बार बच्चे गड्ढे में गिर चुके हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द गड्ढा भरवाकर सड़क को पहले जैसी स्थिति में बहाल करने की मांग की।
वहीं स्थानीय निवासी मनीष कुमार ने बताया कि लगभग एक सप्ताह से गड्ढा खुला पड़ा है। उनके अनुसार, हाल ही में दो-तीन बच्चे इसमें गिर गए थे, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई गंभीर दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के कारण क्षेत्र में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
मनीष कुमार ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य के चलते उनकी दुकान पिछले करीब 15 दिनों से प्रभावित है, जिससे रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि ठेकेदार लगातार काम पूरा करने का आश्वासन दे रहा है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया।
स्थानीय निवासी अशोक कुमार निगम ने भी बताया कि गड्ढा खोदे जाने के बाद से क्षेत्र की महिलाएं घरों से निकलने में असहज महसूस कर रही हैं। वहीं दुकानों तक ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नाली निर्माण का
र्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भरवाया जाए तथा सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।




