लावारिस ट्रक से 720 लीटर कोडीन कफ सिरप बरामद

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली 

चंदौली में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरई अंडरपास के पास लावारिस हालत में खड़े एक ट्रक से 7200 शीशी (720 लीटर) अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। तस्करों ने इस खेप को मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड के कोरई अंडरपास के पास एक संदिग्ध ट्रक (संख्या UP74Y4726) लावारिस अवस्था में खड़ा है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक में रखी 20 बोरियों मुर्गी के दाने के पीछे छिपाकर रखी गईं 36 बोरियों से कुल 72 पेटियों में 7200 शीशियां (720 लीटर) कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुईं। इनमें FAIRDYL NEW तथा ASKOF ब्रांड की 3600-3600 शीशियां शामिल हैं।

मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी ने दवाओं की जांच कर पुष्टि की कि बरामद कफ सिरप अवैध श्रेणी में आता है। जांच के लिए दवाओं के नमूने जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं। पुलिस ने ट्रक के केबिन से Fleetx कंपनी का जीपीएस डिवाइस और एक सिम कार्ड भी बरामद किया है, जिसके आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

जांच में ट्रक के स्वामी की पहचान राहुल कुमार पुत्र जमादार सिंह, निवासी नासूपुर सजेती, पोस्ट मण्डई, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस वाहन स्वामी समेत इस अवैध खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक से 7200 शीशियां कोडीन कफ सिरप बरामद की हैं। ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा इसकी पुष्टि की गई है। ट्रक फिरोजाबाद में पंजीकृत है और वाहन स्वामी सहित पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मुगलसराय थाना क्षेत्र में भी कुछ बोरियां मिलने की सूचना प्राप्त हुई है, जिन्हें बरामद कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में थाना अलीनगर पर मु.अ.सं. 0458/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा 18A/28/18C/27B औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम-1940 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बरामदगी

72 पेटी (7200 शीशी/720 लीटर) अवैध कोडीन एवं ASKOF कफ सिरप

ट्रक संख्या UP74Y4726

Fleetx जीपीएस डिवाइस एवं सिम कार्ड

कार्रवाई करने वाली टीम

प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्य तथा कांस्टेबल प्रवेश कुमार सिंह शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इस अवैध खेप के पीछे कौन-सा संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है और इसके तार किन राज्यों से जुड़े हुए हैं।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x