समुचित मार्गदर्शन और सही रणनीति से कठिन से कठिन परीक्षा में सफलता संभव : आईएएस इशित्व आनंद
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पीडीडीयू । रेलवे इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह में वर्ष 2025 बैच के नव चयनित आईएएस इशित्व आनंद का छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरक व्याख्यान कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर उनके अनुभवों और सफलता के सूत्रों को सुना।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य शिव कुमार ने की, जबकि संचालन हिंदी शिक्षक पी.सी. प्रियदर्शी ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि आईएएस इशित्व आनंद का स्वागत किया।
अपने संबोधन में इशित्व आनंद ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए समुचित मार्गदर्शन, सही रणनीति, नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि साधारण पृष्ठभूमि का विद्यार्थी भी दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर कठिन से कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए तथा परीक्षा की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।




