हिंदी में आवेदन लिखने के लिए भी एप पर निर्भर हो गए लोग : वीरेंद्र सिंह
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
हिंदी दिवस के अवसर पर चंदौली प्रेस क्लब के तत्वावधान में सोमवार को विंध्य वैली पब्लिक स्कूल सभागार, डवक, बबुरी में राजभाषा संगोष्ठी एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें हिंदी भाषा के महत्व, संरक्षण एवं संवर्धन और राजभाषा के रूप में उसकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि चंदौली लोकसभा सांसद डॉ. वीरेंद्र सिंह और विशिष्ट अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के आचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह रहे। अध्यक्षता रेलवे इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य अमरेंद्र सिंह ने की। संचालन वरिष्ठ पत्रकार पवन तिवारी ने किया।
सांसद डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह विडंबना है कि सदन में हिंदी दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों का आमंत्रण भी कई बार अंग्रेजी में आता है। अगर आमंत्रण पत्र हिंदी में आता भी है तो हस्ताक्षर अंग्रेजी में किए जाते हैं। स्थिति यह है कि आज लोग हिंदी में एक आवेदन लिखने के लिए भी एप की मदद लेने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पहले बच्चे क से कबूतर लिखने के लिए भी काफी मेहनत करते थे, लेकिन धीरे-धीरे वह अभ्यास समाप्त होता जा रहा है। हिंदी को मजबूत बनाने के लिए इसके दैनिक प्रयोग को बढ़ावा देना होगा।
बीएचयू के हिंदी विभाग के आचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संवेदनाओं और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति है। हिंदी को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी को मातृभाषा और राजभाषा के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदी को उसका उचित दर्जा दिलाने में सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है। आम जनता के स्तर पर प्रयास जरूरी हैं, लेकिन नीतिगत बदलाव सरकार ही कर सकती है।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा कि हिंदी हमारे देश के माथे की बिंदी है। हिंदी का सम्मान और उसे राष्ट्रभाषा का दर्जा मिलना हम सभी का सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि दैनिक कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए।
इसके बाद आयोजित काव्य गोष्ठी में कवि डॉ. सुरेश अकेला, कवयित्री अनु मिश्रा, कवयित्री रीना तिवारी, हास्य कवि डॉ. रोहित पांडेय और शायर सुहेल उस्मानी ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी साहित्य की विविध छटाओं से श्रोताओं को रूबरू कराया। रचनाओं पर श्रोताओं ने तालियों से कवियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में चंदौली प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अध्यक्ष, कवियों, साहित्यकारों, पत्रकारों, विद्यालय परिवार और उपस्थित हिंदी प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इनकी थी उपस्थिति
इस दौरान चंदौली प्रेस क्लब के आनंद सिंह, पवन तिवारी, राजीव जायसवाल, कृष्णमोहन गुप्ता, संदीप कुमार, सरकार महेंद्र सिंह, बृजेश कुमार, आशाराम यादव सहित पदाधिकारी एवं सदस्य, पत्रकार, साहित्यप्रेमी और बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे।

