दो दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
नियामताबाद में आशा कार्यकर्ताओं का प्रथम 1000 दिवस पर दो दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न
नियामताबाद। यूनाइटेड वे ऑफ़ बेंगलुरु के सहयोग से जनपद चंदौली के नियामताबाद ब्लॉक से चयनित 50 आशा कार्यकर्ताओं के लिए स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में प्रथम 1000 दिवस विषय पर दो दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा दो वर्ष तक के शिशुओं के पोषण, देखभाल और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविकांत सिंह रहे, जबकि एआरओ आशीष राय की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
डॉ. रविकांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के दो वर्ष की आयु तक के 1000 दिन बच्चे के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया सही मार्गदर्शन और जागरूकता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाता है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं की देखभाल, पोषण, समय पर एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव, स्तनपान, पूरक आहार, टीकाकरण तथा नवजात शिशु देखभाल जैसे विषयों पर आशा कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण उपरांत कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर और प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से सभी आशा कार्यकर्ताओं को “प्रथम 1000 दिवस किट” भी वितरित की गई, जिससे लाभार्थियों तक योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्था की टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही, जिसमें सूरज नदाफ, आदर्श गुप्ता, श्वेता वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने विभिन्न सत्रों का संचालन किया। टीम द्वारा सरल एवं व्यवहारिक भाषा में जानकारी साझा कर आशा कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
आशा कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनके कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से करने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित किए जाने की बात कही गई।
