*बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क गोरखपुर
आदर्श श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक कार बरामद की गई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में बेलघाट पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवचरण यादव उर्फ भोलू पुत्र राममिलन यादव तथा चंदन यादव पुत्र राममिलन यादव, निवासी ग्राम सुअरहा थाना उरूवा बाजार जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि इन्होंने जन्मदिन समारोह के दौरान अवैध हथियार से फायरिंग कर दहशत का माहौल बनाया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से .32 बोर की एक अवैध देशी पिस्टल, .32 बोर के 42 जिंदा कारतूस, .315 बोर के 2 जिंदा कारतूस और .32 बोर के 2 खोखा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा मौके से एक कार भी कब्जे में ली गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार और कारतूस के संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इनके स्रोत के बारे में जानकारी मिल सके।
बेलघाट थाने पर इस मामले में मु0अ0सं0 21/2026 के तहत धारा 3/25/27, 9/27 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह की हर्ष फायरिंग न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी समारोह में हथियारों का प्रदर्शन या फायरिंग न करें। यदि कहीं ऐसी सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर लोगों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
