एनसीसी कैडेट वंशिका ने जिले का नाम किया रौशन

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क गोरखपुर 

आदर्श श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज की छात्रा एवं 15 यूपी गर्ल्स बटालियन की एनसीसी कैडेट वंशिका ने नई दिल्ली में आयोजित 26 जनवरी 2026 की गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। परेड से लौटने के बाद कॉलेज परिसर में हर्ष का माहौल है।

महराजगंज जिले के बेलवा गांव की निवासी वंशिका बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। कड़ी चयन प्रक्रिया से गुजरने के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परेड में शामिल होने का अवसर मिला। राजपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में उनकी सहभागिता को महाविद्यालय परिवार ने गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वंशिका को महानिदेशालय एनसीसी, नई दिल्ली की ओर से आरडीसी मेडल, प्रमाण-पत्र तथा पीएम रैली मेडल प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश की तरफ से उन्हें प्रशस्ति प्रमाण-पत्र और उत्कृष्टता मेडल से भी सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस. डॉमनिक राजकुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वंशिका की सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि कॉलेज की एनसीसी इकाई भविष्य में भी इसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराती रहेगी।

एनसीसी अधिकारी कैप्टन प्रो. निधि लाल तथा 15 यूपी गर्ल्स बटालियन के अधिकारियों ने भी कैडेट वंशिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और कहा कि यह पूरे संस्थान के लिए सम्मान का विषय है।

वंशिका की सफलता से कॉलेज में उत्साह का वातावरण है और छात्र-छात्राएं उन्हें आदर्श मानते हुए एनसीसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x