दंपत्ति की एक साथ मौत से गांव में शोक की लहर
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
इलिया बराव गांव में शुक्रवार सुबह उस समय मातम छा गया जब पति-पत्नी की मौत कुछ ही मिनटों के अंतराल में हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम प्यारे विश्वकर्मा (68 वर्ष) की पत्नी राधिका देवी (65 वर्ष) की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिवारजन उन्हें संभालने की कोशिश कर ही रहे थे कि राधिका देवी ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।
पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति राम प्यारे विश्वकर्मा गहरे सदमे में चले गए। बताया जा रहा है कि पत्नी के निधन के करीब पाँच मिनट बाद ही उनकी भी हृदय गति रुक गई और उन्होंने भी प्राण त्याग दिए। कुछ ही समय के अंतराल में पति-पत्नी दोनों के निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव के लोगों ने बताया कि दोनों दंपत्ति का आपस में गहरा स्नेह था और वे हमेशा साथ देखे जाते थे। ग्रामीणों के अनुसार, पति राम प्यारे विश्वकर्मा पत्नी की मृत्यु का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने भी जीवन त्याग दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मृतक दंपत्ति के घर पहुंच गए। गांव में इस घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही। लोग इसे ईश्वर की अजीब लीला बताते हुए कह रहे हैं कि “जिंदगी भर साथ निभाने वाले दोनों ने मृत्यु में भी साथ नहीं छोड़ा।” परिवार के लोगों ने दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर करने की तैयारी शुरू कर दी है।
