होली से पहले बवाल: ड्यूटी पर तैनात दरोगा से मारपीट, बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली 
चंदौली। होली पर्व की शुरुआत से पहले ही जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। अलीनगर थाना क्षेत्र की डीजल कॉलोनी स्थित शराब ठेके और होलिका स्थल के पास ड्यूटी पर तैनात एक दरोगा को शराब के नशे में धुत युवकों ने घेरकर पीट दिया। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह क्षेत्र में डीजे बंद कराने और होलिका स्थल की निगरानी के लिए पहुंचे थे। होलिका के समीप पटाखे छोड़े जा रहे थे और तेज आवाज में डीजे बज रहा था। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर नियमों का पालन कराने लगी। इसी दौरान दरोगा दिनेश सिंह स्थिति का फोटो खींच रहे थे, जिसका कुछ युवकों ने विरोध किया और अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।


आरोप है कि युवकों ने दरोगा को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। सेकेंड मोबाइल के चालक हेड कांस्टेबल अनिल यादव के साथ भी हाथापाई की गई। एक दीवान का हाथ फ्रैक्चर होने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अलीनगर और मुगलसराय कोतवाली की फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों के पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग वहां से हट गए। घायल दरोगा को पहले लोको अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, परशुरामपुर निवासी मुकेश चौहान, कमलेश और गौतम समेत कुछ अन्य की पहचान की गई है। सभी आरोपी आपस में भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। होली पर्व को देखते हुए जिले में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x