पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने पर 1 व 2 अक्टूबर को पुनर्मिलन समारोह
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पुरातन विद्यार्थियों की ओर से 1 और 2 अक्टूबर को वार्षिकोत्सव के रूप में भव्य पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में विद्यालय के वर्ष 1965 से 2025 तक के पासिंग आउट विभिन्न बैचों के पुरातन विद्यार्थी शामिल होंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के पुरातन विद्यार्थी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त डॉ. निर्मलजीत सिंह कलसी होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुरातन विद्यार्थी एयर मार्शल कीर्ति शेखर चतुर्वेदी तथा पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना मौजूद रहेंगे।

1 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद पुरातन विद्यार्थियों और पूर्व शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। मंच से विभिन्न बैचों के पुरातन विद्यार्थी अपना परिचय साझा करने के साथ विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों और अनुभवों को भी व्यक्त करेंगे। इस दौरान पुरातन विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के साथ देश के दूसरे प्रधानमंत्री एवं रेलवे इंटर कॉलेज के पुरातन विद्यार्थी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। दूसरे पहर विद्यालय परिसर में स्थापित लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा तथा पुरातन विद्यार्थियों द्वारा भजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

पुनर्मिलन कार्यक्रम के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि 150 वर्ष की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा से जुड़े पुरातन विद्यार्थियों को एक मंच पर लाने और विद्यालय की पुरानी स्मृतियों को साझा करने के उद्देश्य से पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके विद्यालय के पुरातन विद्यार्थी एवं पूर्व शिक्षक भी सहभागिता करेंगे

