चंदौली में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
चंदौली जिले के शहाबगंज कस्बे में मंगलवार दोपहर एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान शुभम मोदनवाल (26), पुत्र स्वर्गीय सतीश मोदनवाल, निवासी शहाबगंज कस्बा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) रघुराज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में शोक का माहौल है।
