सदर तहसील में शिलान्यास के बावजूद शौचालय निर्माण न होने पर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
चंदौली। सदर तहसील परिसर में डीलक्स शौचालय के निर्माण के लिए आवंटित धन खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा न होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश है। इसे लेकर शुक्रवार को वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से विधायक रमेश जायसवाल द्वारा वर्ष 2024–26 की विधायक निधि से सदर तहसील परिसर में डीलक्स शौचालय के निर्माण की घोषणा की गई थी और करीब एक वर्ष पहले इसका शिलान्यास भी किया गया था। इसके बावजूद अब तक शौचालय का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।
प्रदर्शन के दौरान संतोष कुमार पाठक ने आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण के नाम पर केवल नींव बनाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। उनका कहना था कि निर्माण कार्य पर जितना खर्च हुआ है, उससे अधिक खर्च नेम प्लेट और बोर्ड लगाने में दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार हो रहा है।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि डीलक्स शौचालय के लिए विधायक निधि से आवंटित धन की जानकारी सार्वजनिक की जाए और पूरे मामले की जांच कराई जाए। साथ ही अधूरा पड़ा शौचालय निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि अधिवक्ताओं को उपयोग के लिए सुविधा मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान लक्ष्मण तिवारी, अनंत सिन्हा, शरद यादव, मुकेश कुमार, ललित शर्मा, अभिषेक और विनोद राठौर सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
