नगर पालिका के नाबदान का पानी बह रहा है कुढ़े खुर्द गांव में
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
चन्दौली । पीडीडीयू नगर से सटे कुढ़े खुर्द गांव के ग्रामीणों ने अधिवक्ता समरनाथ सिंह यादव के नेतृत्व में शनिवार को डीएम चंद्रमोहन गर्ग से मिलकर सुभाष नगर क्षेत्र का नाबदान का पानी गांव में बहने की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना है कि सुभाष नगर वार्ड के लोगों के नाबदान का पानी गांव में बहने से जलमग्न हो गया है। इससे कई बीमारियों के फैलने का खतरा है।
अधिवक्ता समरनाथ सिंह यादव ने बताया कि गांव में जमीन पर खेती होती थी, लेकिन नगर क्षेत्र से निकलने वाले नालों का पानी यहां आने के कारण अब खेतों में लगातार जल जभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि नगर पालिका पीडीडीयू नगर की ओर से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे गंदा पानी खेतों में भर रहा है। इसके कारण आस-पास रहने वाले लोगों को भी बदबू और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसानों की जमीन बच सके और लोगों को बीमारियों से राहत मिल सके। डीएम ने जल्द ही राजस्व टीम को भेजकर जल निकासी की व्यवस्था ठीक कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुनील कुमार, सतीश कुमार, रामजी यादव आदि मौजूद रहे।
