अमादपुर में 10 दिवसीय लोकगीत कार्यशाला का समापन, प्रतिभागियों को मिले प्रमाण-पत्र
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
कमलाकर तिवारी की रिपोर्ट
धानापुर (चंदौली)। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ (संस्कृति विभाग) एवं हरदेव इंटर कॉलेज, अमादपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘सृजन’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 10 दिवसीय लोकगीत कार्यशाला का गुरुवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
14 से 23 जुलाई तक आयोजित इस कार्यशाला में हरदेव इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ लोककला प्रेमियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं, विभिन्न लोकगीत विधाओं, गायन शैली, स्वर-साधना, मंच संचालन एवं प्रभावी प्रस्तुति की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला के प्रशिक्षक एवं प्रसिद्ध लोकगायक मंगल यादव ने विद्यार्थियों को लोकसंगीत की तकनीकी जानकारी देने के साथ भारतीय लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान तथा हरदेव इंटर कॉलेज की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान आयोजकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें लोककला एवं लोकसंगीत की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ढोलक पर जितेंद्र नाथ मिश्र तथा हार्मोनियम पर अमेरिका राय ने अपनी प्रभावशाली संगत से प्रस्तुतियों को और भी आकर्षक बनाया।
कार्यक्रम की सफलता में प्रधानाचार्य सियाराम यादव, योगेंद्र प्रसाद यादव, विनोद कुमार यादव, शिवकुमार यादव, संदीप कुमार यादव, अंशुमान भास्कर, अनिता वर्मा, मनई राम, शिवशंकर राम, सुबेदार राम, नंदकुमार वर्मा, अभयराज यादव एवं उमेश कुमार कुशवाहा का विशेष योगदान रहा।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ लोककला के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा प्रदेश की समृद्ध लोक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।





