छात्राओं की समस्याओं से रूबरू हुए विधायक, समाधान का दिया भरोसा
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैयदराजा पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि बेटियां आने वाले भारत की वीरांगनाएं हैं, जो देश की तस्वीर और तकदीर बदलने की क्षमता रखती हैं। आज देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर भी महिलाएं अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं। ऐसे में बेटियों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए।

विधायक इन दिनों क्षेत्र में लोगों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं को जान रहे हैं। इसी क्रम में वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने छात्राओं से विद्यालय की व्यवस्थाओं और उनकी व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने भी बेझिझक अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं।

छात्राओं ने विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए बस सुविधा उपलब्ध कराने, विद्यालय में कैंटीन की व्यवस्था कराने तथा खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही छात्राओं ने विद्यालय में शिक्षिकाओं की कमी की समस्या भी विधायक के सामने रखी।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिभा गोस्वामी ने विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल, जर्जर कमरों तथा शिक्षिकाओं की कमी की ओर विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में छात्राओं की संख्या के अनुरूप संसाधनों और शिक्षिकाओं की आवश्यकता है, ताकि पठन-पाठन का बेहतर वातावरण तैयार किया जा सके।

विधायक सुशील सिंह ने छात्राओं को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने प्रधानाचार्या को भी आश्वस्त किया कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल की मरम्मत, नए कमरों की व्यवस्था तथा शिक्षिकाओं की कमी को दूर कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और उनकी सुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका डॉ. सुभद्रा कुमारी ने किया। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।


