सशक्त नारी ही राष्ट्र की मजबूती का आधार

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पीडीडीयू नगर के नगर पालिका सभागार में शुक्रवार को स्वामी कबीर मेमोरियल ट्रस्ट के बैनर तले “सशक्त नारी, समृद्ध समाज” विषय पर गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर, समाजसेवी सतीश जिंदल एवं वरिष्ठ समाजसेवी रीना बिंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए रीना बिंद ने कहा कि “सशक्त नारी ही समाज, परिवार और राष्ट्र की मजबूती का आधार है।” उन्होंने कहा कि आज समाज में बढ़ती कुरीतियों और रुढ़ियों के बीच नारी पिछड़ती जा रही है। यदि नारी शिक्षित, गुणवान और आत्मनिर्भर होगी तो वह अपने बच्चों को श्रेष्ठ संस्कार दे सकेगी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे आर्थिक, सामाजिक, प्रशासनिक और आध्यात्मिक रूप से स्वयं को सशक्त बनाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर ने कहा कि महिला संतान की प्रथम गुरु होती है। यदि वह सशक्त होगी तो आने वाली पीढ़ियां भी संस्कारित और सक्षम बनेंगी। उन्होंने महिलाओं से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।इस अवसर पर दीक्षा अग्रहरि ने समाज कल्याण विभाग की ओर से चलाई जा रही महिलाओं की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ईओ राजीव सक्सेना, डॉ. गीता कुमारी, मालती गुप्ता, सतीश जिंदल, ब्रजेश कुमार, विनीता अग्रहरि, राजन सेठ, नीना वैश्य, कुंदन सिंह, गोविंद मल गुप्ता, राजन गुप्ता, पूजा सिंह, रितेश सिंह, रामचंद्र, योगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मालती गुप्ता ने तथा संचालन दिलीप कुमार मौर्या ने किया।