डीआईजी व एसएसपी ने शहर में किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था परखी

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क गोरखपुर

आदर्श कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट 
गोरखपुर। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र गोरखपुर एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बुधवार को थाना कैण्ट क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने गणेश चौक, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौक, अंबेडकर चौक, बस स्टेशन सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और बाजारों का निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी तैनाती, पिकेट व्यवस्था और संवेदनशील बिंदुओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बाजारों और चौराहों पर लगातार पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से भी संवाद किया। लोगों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया और उन्हें भरोसा दिलाया गया कि पुलिस हर समय उनकी मदद के लिए तत्पर है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि प्रमुख स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्त और सतर्कता बेहद जरूरी है। त्योहारों, विशेष आयोजनों और भीड़भाड़ के मद्देनजर अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता शांति व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी थानों की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें। होटल, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजारों जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी जनता से शालीन व्यवहार रखें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी गीडा अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक कैण्ट तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया और जरूरी बिंदुओं पर चर्चा की।
पैदल गश्त से आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा का एहसास देखने को मिला। लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह सतर्कता बरती जाएगी, ताकि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x