मकान की दूसरी मंजिल पर निकला करैत डरे लोग

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली 

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। बुधवार की रात्रि लगभग 11:00 बजे शहर के एक मकान की दूसरी मंजिल पर सांप निकल आने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सांप दिखाई देते ही मकान में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और सभी सुरक्षित स्थान की ओर चले गए। सूचना मिलने पर अभिषेक श्रीवास्तव और सचिन पटेल मौके पर पहुंचे तथा सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर सुरक्षित बाल्टी में रखा। बाद में उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने का निर्णय लिया गया।

अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि वह मकान के ग्राउंड फ्लोर पर किराए पर रहते हैं। घटना के समय वह नीचे थे। ऊपर रहने वाले लोगों के शोर-शराबे के बाद उन्हें जानकारी मिली कि दूसरी मंजिल पर सांप निकल आया है। वह तुरंत ऊपर पहुंचे और सावधानी से सांप का रेस्क्यू किया। उन्होंने कहा कि किसी भी वन्यजीव को बिना वजह नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए और सांप को जंगल या झाड़ियों वाले सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

वहीं, मकान निवासी सचिन पटेल ने बताया कि घटना के समय वह अपनी ड्यूटी पर थे। परिवार के लोगों ने उन्हें फोन कर सांप निकलने की सूचना दी। ड्यूटी से लौटने के बाद उन्होंने सांप को देखा। उन्होंने बताया कि वह सांप की निश्चित पहचान नहीं कर सकते, लेकिन उनकी जानकारी के अनुसार वह करैत हो सकता है। उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी सांप को मारने नहीं दिया गया।

डर के सवाल पर सचिन पटेल ने कहा कि अब उन्हें ऐसे मामलों से डर नहीं लगता। सावन माह के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उनकी आस्था है कि भगवान भोलेनाथ किसी भी रूप में आ सकते हैं, इसलिए हर जीव के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता रखनी चाहिए। उन्होंने बताया कि फिलहाल सांप को सुरक्षित बाल्टी में रखा गया है और जल्द ही उसे उसके प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।

दोनों युवकों ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा प्रशिक्षित रेस्क्यू करने वालों या वन विभाग की मदद लें, ताकि इंसानों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x