रामदास अठावले बोले, राहुल गांधी के दलित लड़की से शादी करने पर महात्मा गांधी का सपना होगा पूरा

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत और कांग्रेस के सरकार पर तंज के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने जवाब दिया है। रामदास अठावले ने कहा कि राहुल गांधी हम दो हमारे दो का नारा बोल रहे हैं।
इसलिए हम दो हमारे दो करना है तो राहुल गांधी को शादी करनी चाहिए और दलित लड़की के साथ शादी करते हैं तो महात्मा गांधी का सपना पूरा होगा और जातिवाद खत्म होगा। इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमत को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार के पास कुछ पैसे तो आने चाहिए।
हमने लॉकडाउन के बाद 34 लाख करोड़ से ज्यादा का बजट बनाया है। तो सरकार के पास भी राजस्व आना चाहिए। इसलिए तेल के दाम बढ़े हैं। लेकिन कुछ दिन बाद दाम कम हो जाएंगे। सरकार का जनता को तकलीफ देने का कोई विचार नहीं है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘जनता से लूट, सिर्फ़ ‘दो’ का विकास।’इसके साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पेट्रोल डीजल की कीमत में बढोत्तरी को लेकर कहा कि ‘संप्रग सरकार के समय एक सिलेंडर की कीमत 400 रुपये के करीब थी। उस समय कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा थी, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखा गया था। अब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस सरकार के कुप्रबंधन के कारण देश को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सरकार डीजल पर उत्पाद शुल्क को आठ गुना और पेट्रोल पर ढाई गुना बढ़ा चुकी है। इस सरकार की कृपा है कि देश ने पेट्रोल की कीमत के मामले में शतक लगा दिया है और नया कीर्तिमान गढ़ दिया है।