पर्यटक का गुम हुआ पर्स पुलिस ने ढूंढकर लौटाया
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क वाराणसी
विकास बाला की रिपोर्ट
वाराणसी। थाना आदमपुर क्षेत्र अंतर्गत नमो घाट पर्यटन चौकी पुलिस की तत्परता से उड़ीसा से आए एक पर्यटक का गुम हुआ पर्स बरामद कर उसे सकुशल वापस कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उड़ीसा के राउरकेला निवासी पर्यटक अक्षय कुमार दास पुत्र संतोष दास ने नमो घाट पर्यटन चौकी पर अपनी माता का पर्स गुम होने की सूचना दी। पर्स में उनकी माता की हाई बीपी की दवा, मोबाइल फोन तथा अन्य आवश्यक सामान मौजूद था।
सूचना मिलते ही नमो घाट पर्यटन चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक अंकित कुलश्रेष्ठ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास खोजबीन कराई। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में गुम हुआ पर्स बरामद कर लिया गया और उसे पर्यटक को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
अपने सामान सुरक्षित मिलने पर पर्यटक और उनके परिवार ने वाराणसी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
