मंडल के करीब चौदह हजार कर्मचारी मान्यता के लिए करेंगे मतदान
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क वाराणसी
चन्दौली
पीडीडीयू नगर।रेलवे यूनियन के मान्यता के चुनाव के लिए 04, 05 और 06 दिसंबर को डीडीयू मंडल में 19 बूथों पर 14 हजार रेलकर्मी मतदान करेंगे। इसकी तैयारी पुरी हो चुकी है। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर एडीएआरएम दिलीप कुमार और एआरओ वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत सिंह बनाए गए हैं। वहीं प्लांट डिपो कारखाना में 1270 मतदाता दो बूथों पर मतदान करेंगे।
रेलवे में यूनियन की मान्यता के चुनाव की घोषणा के बाद से ही मंडल में छह यूनियनें मान्यता के लिए प्रचार प्रसार में जुटी हैं। रेलकर्मियों को मत देने लिए चार और पांच मुख्य दिवस और रनिंग स्टाफ के साथ छूटे कर्मियों के लिए छह दिसंबर को मतदान का दिन तय किया गया है। 12 दिसंबर को मतों की गणना के बाद विजेता की घोषणा की जाएगी। यदि मंडल में प्रशासनिक तैयारियों की बात की जाए तो चुनाव को निष्पक्ष और शांति पूर्ण तरीके से कराने के लिए कार्मिक विभाग लगा हुआ है। चुनाव के लिए डीडीयू मंडल में रिटर्निंग ऑफिसर एडीआरएम और असिस्टेंट रिटर्निंग आफिसर वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी बनाए गए हैं। वहीं प्लांट डिपो कारखाना में मुख्य कारखाना प्रबंधक वारिज नयन को पीठासीन अधिकारी जबकि वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजीव कुमार सिंह को सहायक पीठासीन अधिकारी बनाया गया है।मंडल में लगभग 13 हजार 972 मतदाता हैं वहीं प्लांट डिपो में कुल 1270 मतदाता हैं।
छह यूनियन हैं पूर्व मध्य रेलवे के चुनाव मैदान में
डीडीयू नगर।रेलवे के यूनियन के मान्यता चुनाव में छह यूनियन प्रतिभाग कर रही हैं। चुनाव लड़ने वालों में वर्तमान में मान्यता प्राप्त ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन, ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेंस कांग्रेस, ईस्ट सेंट्रल रेलवे इंप्लाईज यूनियन, पूर्व मध्य रेल मजदूर कांग्रेस, पूर्व मध्य रेल मजदूर संघ और स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन के नाम शामिल हैं।
नगर में बने हैं 10 मतदान केंद्र
डीडीयू नगर। स्थानीय रेल मंडल में मान्यता के चुनाव के लिए कुल 19 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं प्लांट डिपो कारखाना परिसर में दो मतदान केंद्र बने हैं। प्रशासन के अनुसार डीडीयू मंडल मुख्यालय पर दस, गया में तीन, रफीगंज, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी आन सोन, जपला और विक्रमगंज में एक एक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
तैयारियां पूर्ण
इस बाबत वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि यूनियन के मान्यता के चुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। चुनाव कराने के लिए स्थानीय रेल मंडल में 20 अधिकारी और 70 कर्मचारी लगाए गए हैं।सुरक्षा के लिए आरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे। वहीं स्काउट गाइड को भी लगाया जाएगा। सुरजीत सिंह, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी, पीडीडीयू मंडल शामिल रहेगे।