गीत-संगीत और संस्मरणों के बीच रेलवे इंटर कॉलेज के पुनर्मिलन समारोह का समापन
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित दो दिवसीय पुनर्मिलन समारोह का शुक्रवार को भावपूर्ण समापन हुआ। दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत देश के दूसरे प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुरातन विद्यार्थियों द्वारा माल्यार्पण से हुई।
पुरातन विद्यार्थियों ने साझा कीं स्मृतियां, बच्चों को दिया सफलता का मंत्र
माल्यार्पण के बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में पुरातन विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़ी अपनी यादों और जीवन के अनुभवों को साझा किया। एयर मार्शल रहे कीर्ति शेखर चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि उन्होंने भगवद्गीता के कर्म के संदेश को अपने जीवन में अपनाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को पूरी निष्ठा से कर्म करते रहना चाहिए और परिणाम की चिंता नहीं करनी चाहिए।

1952 में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले पुरातन विद्यार्थी गुरमीत ने उस दौर के रेलवे इंटर कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यालय से जुड़ी अपनी पुरानी स्मृतियों को साझा किया। वहीं डॉ. राज कुमार यादव ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए तनाव से बचने और सकारात्मक सोच रखने की सीख दी। डॉ. मुकेश समेत कई अन्य पुरातन विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।


इसके बाद पुरातन विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह भर दिया। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पुराने विद्यार्थियों को उनकी छात्र जीवन की यादों से जोड़ दिया।

अंत में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के समक्ष 1001 दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दीपों की रोशनी के बीच भावपूर्ण माहौल में पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित दो दिवसीय पुनर्मिलन समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर पंकज, इंतखाब, चहल, पूजा, रचना, रितेश, कपिल, दिलीप, अंजनी, दिग्विजय, राकेश पाठक, श्याम प्रकाश, राजेश गुप्ता, पिनाकी, अब्बी सहित बड़ी संख्या में पुरातन विद्यार्थी मौजूद रहे।
