ताला तोड़कर चोरी, ढाई लाख नकदी समेत लाखों के जेवरात पार
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, डॉग स्क्वॉड के साथ जांच में जुटी पुलिस
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदासी पुलिस चौकी अंतर्गत सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए ढाई लाख रुपये नकद समेत लगभग 5 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। गुरुवार की सुबह घर लौटे मकान मालिक ने जब कमरों में सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।
सिद्धार्थपुरम कॉलोनी निवासी राजेश जायसवाल, जो आरओ वाटर का काम करते हैं, परिवार के साथ घर बंद कर किसी काम से बाहर गए हुए थे। बुधवार की रात वापस लौटने में देरी होने के कारण वे पड़ाव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर रुक गए। गुरुवार की सुबह जब वे अपने घर पहुंचे और मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गए तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा मिला।
पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे करीब ढाई लाख रुपये नकद, एक सोने का हार, चार पायल और दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच शुरू कर दी।
कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
