सकलडीहा में गैस की कालाबाजारी पर लगाम, एसडीएम ने खुद संभाली कमान

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली 

सकलडीहा आम जनता को रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए तहसील प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को सकलडीहा उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसडीएम कुंदन राज कपूर ने केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर सकलडीहा, धानापुर और चहनिया के गैस गोदामों पर अचानक धावा बोला। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की गहनता से जांच की ताकि गैस की उपलब्धता का सही पता चल सके। मौके पर मौजूद ग्राहकों से सीधा संवाद किया और गैस सिलेंडरों की वास्तविक कीमतों के बारे में जानकारी ली।

जनता के हितों की रक्षा करते हुए एसडीएम ने गैस एजेंसी संचालकों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी हाल में ओवर-रेटिंग या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी एजेंसी के खिलाफ जनता से अधिक पैसे वसूलने की शिकायत मिली, तो संचालक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

राहत की बात यह है कि निरीक्षण के दौरान कहीं भी गैस की किल्लत नहीं पाई गई। एसडीएम ने बताया कि सभी गोदामों पर पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। भीड़ प्रबंधन के लिए भी संचालकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि उपभोक्ताओं को लाइनों में लगकर परेशान न होना पड़े।

इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए एसडीएम ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार की विशेष टीमें गठित की हैं, जो लगातार सभी क्षेत्रों में गोदामों की निगरानी कर रही हैं। इस दौरान तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद और दिनेश चंद्र शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मुस्तैद रहे।

प्रशासन की इस सक्रियता से यह साफ है कि सकलडीहा में अब उपभोक्ताओं का हक मारने वालों की खैर नहीं। अगर आपको भी कहीं निर्धारित दर से अधिक कीमत मांगी जाती है, तो आप निसंकोच तहसील प्रशासन को सूचित कर सकते हैं।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x