नौगढ़ में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहकर किया विरोध प्रदर्शन
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
नौगढ़। न्यायालय उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालय में अधिवक्ता कल्याण न्यास से निर्धारित वकालतनामा, मुचलका एवं मेमो अनिवार्य रूप से नहीं लगाए जाने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र यादव की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता कल्याण न्यास से निर्धारित वकालतनामा मुचलका व मेमो को न्यायालयों में अनिवार्य रूप से लागू न किया जाना अधिवक्ताओं के हित एवं संरक्षण के विरुद्ध है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए इस व्यवस्था का पालन कराया जाना आवश्यक है।
बैठक के बाद पारित प्रस्ताव की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार नौगढ़ के साथ ही द सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी, सिविल बार एसोसिएशन चन्दौली तथा बार एसोसिएशन चकिया को भेजी गई है।
विरोध प्रदर्शन में कैलाश मौर्य, रिंकू, बबुंदर, जैशलाल, बिनोद कुमार, हेमंत, दिनेश कुमार सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
