अवैध गैस रिफिलिंग पर प्रशासन की छापेमारी
सप्लाई इंस्पेक्टर के नेतृत्व में छापामारी
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र के काली महाल इलाके में शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने अवैध रूप से संचालित गैस रिफिलिंग के एक ठिकाने पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने मौके से घरेलू और व्यावसायिक श्रेणी के कुल 11 गैस सिलेंडर के साथ गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। अधिकारियों को आशंका है कि यहां काफी समय से अवैध तरीके से सिलेंडरों में गैस भरने का काम किया जा रहा था, जिससे किसी बड़े हादसे की संभावना बनी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सप्लाई इंस्पेक्टर ममता सिंह और कूड़ा बाजार चौकी प्रभारी विजय राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की तलाशी ली। जांच के दौरान मकान के अंदर करीब 10 कमर्शियल सिलेंडर सहित अन्य गैस सिलेंडर पाए गए, लेकिन उनके संबंध में कोई वैध कागजात मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पूछताछ के दौरान मकान की मालकिन सरिता यादव ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने यह मकान संतोष जायसवाल नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। आरोप है कि वही इस स्थान पर गैस सिलेंडर रखकर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य कराता था। छापेमारी की सूचना मिलते ही वह मौके से फरार हो गया।
सप्लाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। बरामद सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरणों को जब्त कर लिया गया है तथा संबंधित गैस एजेंसियों से भी इस मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति रही। साथ ही अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ आगे भी सख्ती के साथ अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
