पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय प्रभुपुर में चोरी, किचन का ताला तोड़ हजारों का सामान ले उड़े चोर
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर विद्यालय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोर विद्यालय परिसर में घुसकर मिड-डे मील किचन का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, खाद्यान्न, बर्तन, टब, पानी की बाल्टी, बिजली के बोर्ड, तार सहित अन्य आवश्यक सामान चोरी कर ले गए।
गुरुवार सुबह जब विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो किचन का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना तत्काल ग्राम प्रधान एवं डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि चोरों ने किचन के अलावा विद्यालय के एक-दो अन्य कमरों तथा प्रधानाध्यापक कार्यालय का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके। विद्यालय परिसर में जो भी सामान हाथ लगा, उसे चोर अपने साथ ले गए।





