चन्दौली में लगा भीषण जमा
कमलाकर तिवारी की रिपोर्ट
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित चंदौली बाजार में बुधवार को जिला अस्पताल पंडित कमलापति त्रिपाठी से कचहरी तक मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक भीषण जाम लगा रहा। जाम के कारण स्कूली बसें, एंबुलेंस, निजी वाहन और दोपहिया सवार लंबे समय तक सड़क पर फंसे रहे। इसी बीच हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
जाम में फंसे राहगीर और वाहन चालक बारिश में भीगते हुए घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया था, जिससे आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुईं। चर्चा रही कि जिला मजिस्ट्रेट का वाहन भी इस जाम में फंस गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते यातायात व्यवस्था को नियंत्रित नहीं किया गया और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती न होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय के इस प्रमुख मार्ग पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा स्थायी यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।



