बाढ़ से हुए हर नुकसान की भरपाई करेगी सरकार, सीएम योगी ने दिया भरोसा, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बाढ़ आपदा की इस घड़ी में केंद्र व राज्य सरकार साथ है। प्रत्येक पीड़ित को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जनहानि से लेकर फसलों और पशु हानि तक की भरपाई सरकार कर रही है। डबल इंजन सरकार के रहते किसी के आगे हाथ फैलाने की आवश्यकता नहीं है। जनता को राहत सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर और गोरखपुर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद तीनों जिलों में पीड़ितों से मुलाकात कर राहत किट बांटी। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों को आश्वस्त किया कि सरकार हर पल उनके साथ है। किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
सिद्धार्थनगर के भनवापुर ब्लाक परिसर में राहत वितरण के दौरान योगी ने कहा कि प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि पर्याप्त संख्या में नाव व स्टीमर लगाकर दो से तीन दिन के भीतर राहत सामग्री प्रत्येक पीड़ित तक पहुंचा दें।

अगले एक-दो दिन तक गांव में पानी भरा रहने की स्थिति हो सकती है फिर धीरे-धीरे पानी उतरता जाएगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि पानी उतरने के साथ ही सैनेटाइजेशन अभियान चलाएं ताकि बीमारियां न पनपने पाएं।

क्षतिग्रस्त मकान की भरपाई करेंगे

योगी ने कहा कि सरकार बाढ़ आपदा से हुई हर प्रकार की क्षति पर सरकार मुआवजा देगी। बाढ़ के चलते जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर या मकान के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

राहत पैकेट पर्याप्त उपलब्ध

सीएम ने कहा कि जिला प्रशासन को पर्याप्त राहत पैकेट उपलब्ध कराया जा चुका है। दुर्भाग्य से यदि जनहानि होती है तो पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा किसी का अंग भंग होने की दशा में 2.50 लाख रुपये तक की अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

फसल-पशु नुकसान का सर्वे

योगी ने कहा कि फसलों को नुकसान का तत्काल सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है। एक-एक खेत के नुकसान का मुआवजा सरकार देगी। इतना ही नहीं गाय, भैंस, भेड़, बकरी आदि पशु हानि की दशा में भी सरकार पशुपालकों को आर्थिक सहायता दे रही है।

पशु चारे का भी इंतजाम

सीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रति दिन के हिसाब से चार किलो पशु चारा प्रत्येक पशु के लिए मुहैया का निर्देश पशुपालन विभाग को दिया गया है। मुर्गी पालकों को भी नुकसान की भरपाई सरकार करेगी।

दशहरा के बाद बाढ़ अप्रत्याशित

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबने पहली बार अक्टूबर में दशहरा के बाद अप्रत्याशित बाढ़ को देखा है। अक्टूबर में जब फसल कटती है, रामलीला का दौर चलता है तब बाढ़ से फसलें डूब गई हैं। लोग छतों पर रहने को विवश हैं। फिर भी घबराने की जरूरत नहीं है। इस त्रासदी का सामना करते हुए हर पीड़ित तक राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

संतकबीरनगर। धनघटा में राहत वितरण के दौरान योगी ने अधिकारियों से कहा कि तहसील क्षेत्र में सरयू नदी के तटबंध के उस पार रहने वाले लोगों को हर साल बाढ़ आपदा की स्थिति का सामना करने से बचाने के लिए इस पार सुरक्षित स्थान पर बसाने की कार्ययोजना बनाएं।

बाढ़ प्रभावित जिले
जिला    प्रभावित गांव    आबादी

गोरखपुर    160    डेढ़ लाख
सिद्धार्थनगर    198    डेढ़ लाख
बस्ती    70    एक लाख
संतकबीरनगर    19    10 हजार
महराजगंज    20    40 हजार
देवरिया    03     12 हजार
कुशीनगर    14    30 हजार

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x