डीएम ने कई विद्युत संविदा कर्मियों को किया बर्खास्त
सच की दस्तक न्यूज डेस्क चन्दौली
जिलाधिकारी निखिल टी. फुण्डे विद्युत कर्मियों की हड़ताल के मद्देनजर शनिवार को इलिया विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपकेंद्र पर नियुक्त कुल 12 कर्मचारियों में पावर कारपोरेशन विभाग के 2 कर्मचारी तथा 9 संविदा कर्मियों के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। जिलाधिकारी ने उपकेंद्र पर सिर्फ एक संविदा कर्मी को मौजूद रहने पर क्षेत्र में आपूर्ति बहाल किए जाने में सहयोग करने का निर्देश दिया।
इलिया विद्युत उपकेंद्र के तीनों फीडरों पर शुक्रवार से विद्युत आपूर्ति ठप रहने के ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी शाम 4 बजे उपकेंद्र पर पहुंचे। जहां नियुक्त 12 कर्मचारियों में एकमात्र संविदा कर्मी विनय पांडेय मौजूद पाया गया।
जिससे बिजली आपूर्ति बहाल करने के बारे में निरीक्षण कर जानकारी ली। वहीं सरकारी कर्मचारी रामविलास प्रजापति तथा कमलेश, संविदा कर्मी वंश नारायण पांडेय, अरविंद मिश्रा, हैदर अली, राजकुमार, धर्मदेव, घनश्याम लक्ष्मण पासवान, धनंजय पासवान को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का निर्देश दिया। साथ ही पावर कारपोरेशन विभाग के ठेकेदार को अगले दिन डुगडुगी फिरवा कर नए सिरे से इच्छुक लोगों की भर्ती करने का भी निर्देश दिया। उपकेंद्र पर पहुंचे ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अगले दिन नए कर्मचारियों की नियुक्ति कर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण एवं 11 कर्मचारियों के बर्खास्तगी की निर्देश के बाद कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति मच गई है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी ज्वाला प्रसाद, तहसीलदार बंदना मिश्रा, सुनील कुमार सिंह थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह मौजूद रहे।