डीडीयू इलेक्ट्रिक लोको शेड में बड़ा हादसा: क्रेन की पुली गिरने से कर्मचारी की मौत,DRM ने दिया जांच का आदेश

0

सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली 

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। डीडीयू इलेक्ट्रिक लोको शेड में शनिवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। क्रेन की पुली गिरने से रेलवे कर्मचारी प्रमोद कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे लोको शेड में कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने काम बंद (टूल डाउन) कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में प्रमोद कुमार यादव के सिर पर क्रेन की पुली गिर गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले रेलवे लोको अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल एपेक्स अस्पताल रेफर कर दिया। एपेक्स के डॉक्टरों की टीम ने बताया इलाज के दौरान  प्रमोद की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लगभग 500 की संख्या में कर्मचारी एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ईसीआर कर्मचारी संगठन के शाखा सचिव आई.बी. मिश्रा ने आरोप लगाया कि लोको शेड में कई वर्षों से क्रेन चालक के पद रिक्त हैं और क्रेनों का रखरखाव निजी एजेंसी को सौंप दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि जर्जर हो चुकी लगभग 50 वर्ष पुरानी क्रेन से जबरन काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों पर लगातार कार्य का दबाव बनाया जाता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है।

घायल कर्मचारी के सहकर्मी अरुण कुमार यादव ने बताया कि लोको शेड में लगी क्रेनें काफी पुरानी और जर्जर हैं। उनका कहना था कि यदि समय रहते इन्हें नहीं बदला गया तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, जर्जर उपकरणों को बदलने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

धरने में शामिल महिला कर्मचारी अनीता देवी ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जाती और न्याय नहीं मिलता, तब तक सभी कर्मचारी काम बंद रखेंगे। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और डीआरएम को दे दी गई है तथा अधिकारी मौके का निरीक्षण भी कर चुके हैं।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो लोको शेड से इंजनों का संचालन प्रभावित हो सकता है, जिससे रेल परिचालन पर भी असर पड़ने की संभावना है।

क्रेन ऑपरेशन के दौरान रेलवे कर्मचारी की मौत, डीआरएम ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश

पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के टीआरएस शेड में शनिवार सुबह क्रेन ऑपरेशन के दौरान हुए हादसे में रेलवे के टेक्नीशियन-प्रथम प्रमोद कुमार यादव (52) की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने हादसे की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं, जबकि मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:35 बजे टीआरएस शेड, डीडीयू में क्रेन ऑपरेशन के दौरान प्रमोद कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें रेलवे लोको अस्पताल, डीडीयू पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित एपेक्स हॉस्पिटल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर उपचार के दौरान तथा उसके बाद की सभी आवश्यक औपचारिकताओं में रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार परिजनों के साथ मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने अंत्येष्टि के लिए मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
डीआरएम के निर्देश पर कार्मिक विभाग ने मृतक के सभी सेवा-परिलाभों, जिनमें डीसीआरजी (DCRG), अवकाश नगदीकरण (लीव एनकैशमेंट), समूह बीमा (GIS), स्टाफ बेनिफिट फंड (SBF) तथा पारिवारिक पेंशन सहित अन्य देयों की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने सभी औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, मृतक के आश्रित को रेलवे की अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत नियुक्ति दिलाने की प्रक्रिया भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी की जाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने हादसे की तकनीकी जांच के लिए उच्चस्तरीय टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल, पूर्व मध्य रेल ने कर्मचारी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि रेलवे अपने कर्मचारियों की सुरक्षा, कल्याण और सुरक्षित कार्य-संस्कृति के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।

 

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x