गिरीश गौतम मध्य प्रदेश विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, आज से बजट सत्र शुरू

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में सोमवार सुबह 11 बजे बजट सत्र शुरू की शुरूआत हो गई। सदन के नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वरिष्ठ विधायक गिरीश गौतम को विधानसभा का अध्यक्ष निर्वाचित किए जाने का प्रस्ताव रखा।
संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने उसका समर्थन किया। गिरीश गौतम को अध्यक्ष बनाने के लिए कुल 11 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ ने निर्विरोध निर्वाचन का प्रस्ताव रखा, डॉक्टर गोविंद सिंह ने उनका समर्थन किया, प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ।
विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने गिरीश गौतम के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। सदन के नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ उन्हें आसंदी अभिवादन किया। इससे पहले सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत बताई।
उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए विधायकों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। साथ ही आग्रह किया कि सभी सदस्य दिशानिर्देशों का पालन करें। उन्होंने बताया कि लगभग पौने आठ माह के सामयिक अध्यक्ष के कार्यकाल में अपने दायित्वों को निभाया और कई पहल की। उन्होंने सदन के नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ और संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का आभार माना।