टाटा मैजिक से 4 गोवंश बरामद, पुलिस पर वाहन चढ़ाने का प्रयास, तस्कर फरार
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर जनपद में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा मैजिक वाहन से चार गोवंश बरामद किए। कार्रवाई के दौरान चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा किए जाने पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर थाना पुलिस रिंग रोड अंडरपास कैली के पास वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा मैजिक वाहन में गोवंश लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।

बताया गया कि पुलिस के रुकने के संकेत के बावजूद चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए स्वयं को सुरक्षित बचाया और वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर टाटा मैजिक संख्या UP67AT9001 लावारिस हालत में खड़ी मिली, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार गोवंश क्रूरतापूर्वक बांधकर लदे मिले। पुलिस ने सभी गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया।
इस मामले में थाना अलीनगर पर मु.अ.सं. 453/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक सभाजीत यादव, कांस्टेबल विजय कोरी तथा रिजर्व कांस्टेबल अमन कुमार शामिल रहे।


