जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों के खिलाफ आरपीएफ की कार्रवाई
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क
जीवनाथपुर (चंदौली)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हेड कांस्टेबल राम हंस मीना ने स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर बिना वैध अनुमति के सामान बेच रहे अवैध वेंडरों को पकड़ा।
आरपीएफ टीम ने पकड़े गए व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध वेंडिंग पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा सके।
हेड कांस्टेबल राम हंस मीना ने कहा कि रेलवे परिसर में बिना लाइसेंस वेंडिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही सामान खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना आरपीएफ को दें।
आरपीएफ की इस कार्रवाई से अवैध वेंडरों में हड़कंप मच गया और स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।
