यूपी: धारदार हथियार से महिला की हत्या, नग्न अवस्था में मिला शव

गाजीपुर: जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र में एक नहर के पास शुक्रवार को नग्न अवस्था में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे।
पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मृतका के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। नोनहरा थाना क्षेत्र के गांव का रहने वाला एक मजदूर बाहर से रात करीब 12 बजे घर लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी घर में नहीं थी। आसपास उसने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पत्नी के घर आने के इंतजार में उसने पूरी रात बिता दी। इसी बीच सुबह करीब सात बजे खेत की तरफ जा रहे कुछ ग्रामीणों ने एक नहर के पास नग्न अवस्था में उसी महिला का शव देखा।
कुछ ही देर में मृतका के परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। मौका मुआयना करते हुए मृतका के पति से पूछताछ की।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका के गले पर चापड़ से वारकर हत्या की है। पति की तहरीर पर एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्दी हत्यारोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वहीं आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है। बहरहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टी हो सकेगी।