बदलता भारत अब जवान ईट का जवाब पत्थर से देते है-राजनाथ सिंह

0

सच की दस्तक डेस्क चन्दौली

चंदौली।अपने गृह जनपद चंदौली पहुँचे गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और गठबंधन को घेरे में लेते हुए उनकी नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार जनता की आंखों में धूल झोंक कर नहीं, बल्कि आंख में आंख डालकर भारत राष्ट्र का विकास करती है। लेकिन कुछ लोगों को ये बाते नहीं पच रही है। कांग्रेस व उनके सहयोगी दल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रद्रोह कानून को हटाना चाहते हैं, लेकिन फिर से एनडीए की सरकार बनेगी तो राष्ट्रद्रोह कानून को इतना मजबूत बनायेंगे कि राष्ट्रद्रोही कांप उठेगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस व सहयोगी दलों को एयर स्ट्राइक में मारे गये आतंकवादियों की लिस्ट चाहिए, लेकिन, उन्हें पता नहीं कि बहादुर सिपाही दुश्मनों की लाशें नहीं गिनते। लाश गिनने का काम गिद्ध किया करते हैं। उन्होंने एक अखबार का हवाला देते हुए कहा कि इटालियन पत्रकार ने सिद्ध भी कर दिया है कि क्या सही है। कांग्रेस के जमाने में पाकिस्तान गोली चलाता था तो हमारी सेना सफेद झंडा दिखाती थी, लेकिन अब एनडीए शासनकाल काल में यह नहीं है। हमारे वीर जवानों ने अब ईंट का जवाब पत्थर से देने का काम किया है।

गरीबी पर उन्होंने कहा कि 2014 में भारत में गरीबी रेखा के नीचे  12.5 करोड़  परिवार था, लेकिन विगत साढ़े चार वर्षों में मात्र पांच करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे रह गये हैं, 2022 तक एक भी परिवार गरीबी रेखा के नीचे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि 55 साल तक देश पर राज्य करने वाले अब कह रहे हैं कि अब वह गरीबी हटाएंगे। ‘न्याय’ योजना के जरिये गरीबी मिटाने संबंधी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के वादे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के दिनों से गरीबी खत्म करने के नाम पर देशवासियों को ‘‘मूर्ख’’ बना रही है। सिंह ने कहा कि वहीं दूसरी ओर नरेन्द्र मोदी सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को बाहर निकालने के अपने संकल्प को प्रदर्शित किया है। उन्होंने दावा किया कि अगले कुछ वर्षों में कोई भी परिवार गरीबी रेखा से नीचे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की इस पार्टी ने गरीबी हटाने के नाम पर लोगों को मूर्ख बनाया है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि राजीव गांधी ने स्वीकार किया था कि गरीब लोगों तक 100 पैसे में से केवल 15 पैसे पहुंचते है। अब देश से भ्रष्टाचार धीरे धीरे समाप्त हो रहा है।
मोदी सरकार ने किया खूब विकास
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को आगे ले जाने का काम किया है। अब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष भी मान रहा है कि देश का विकास हो रहा है। आज भारत विश्व के विकासशील देशों में सबसे तेजी से ग्रोथ करने वाला राष्ट्र बन गया है। उन्होंने कहा कि हर गरीब के घर रसोई गैस ले लेकर शौचालय तक देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी जी के समय में देश में सड़कों के निर्माण का शुरू हुआ काम अब काफी तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जहाँ कांग्रेस के शासनकाल में 5 किलोमीटर प्रतिदिन सड़क बनती थी। वही अब हर दिन 22 से 24 किलोमीटर बन रही है। उन्होंने चौकीदार चोर के बयान पर कहा कि ये असभ्य लोगों का काम है।

मैंने साकार किया ओवरब्रिज का सपना: महेन्द्र नाथ

चंदौली सीट से प्रत्याशी डॉ महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि यहां के लाल गृहमंत्री जी का डंका पूरे देश में बज रहा है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद जिस तरह से बालाकोट का हमला हुआ उसमें हमारे माटी के लाल का भी हाथ रहा। उन्होंने कहा कि मैं बहुत सौभाग्यशाली हूं जो इस माटी की सेवा करने का अवसर यहां की जनता दे रही है। उन्होंने कहा कि एक ही कार्यकाल में मुझे केंद्रीय मंत्री बनाने से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक बनाया गया। उन्होंने कहा कि इस जिले में ऐसे ओवरब्रिज बनाने का काम कर रहा हूं जो हर चुनावी साल में बनना शुरू होता था और चुनाव होते ही काम बंद हो जाता था। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में भी इसका वादा किया गया था, लेकिन पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार देश को आगे ले जाने का काम कर रही है। मैं भी चंदौली के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रहा हूँ।

Sach ki Dastak

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x