ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दूसरे दिन बुलडोजर एक्शन तेज, सपा कार्यालय तक पहुंची कार्रवाई
सच की दस्तक डिजिटल न्यूज डेस्क चन्दौली
डीडीयू नगर, चंदौली। नगर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई दूसरे दिन और तेज हो गई। प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को अभियान को आगे बढ़ाते हुए बुलडोजर कार्रवाई सपा कार्यालय तक पहुंचा दी। इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बना रहा।

प्रशासन की ओर से सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले निर्माणों को हटाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दूसरे दिन सुबह से ही जेसीबी और बुलडोजर के साथ राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ स्थानों पर भवन स्वामियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया, जबकि कई जगह सीधे बुलडोजर चलाकर दुकानों और मकानों को ध्वस्त किया गया। इसे लेकर लोगों में असंतोष भी देखा गया। नागरिकों का कहना है कि कार्रवाई में एकरूपता नहीं दिखाई दे रही है और अलग-अलग लोगों के साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है।
इलाके में यह चर्चा भी रही कि कार्रवाई के दौरान प्रभावशाली लोगों को राहत दी जा रही है, जबकि सामान्य दुकानदारों और मकान मालिकों पर सख्ती बरती जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस तरह के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रही इस कार्रवाई से प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता बनी हुई है। वहीं अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि अगले चरण में बुलडोजर किस दुकान या मकान तक पहुंचेगा
